
जमशेदपुर: स्वदेशी जागरण मंच द्वारा स्वदेशी के प्रचार-प्रसार के तहत देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 07 अप्रैल 2026 को संध्या 5:30 बजे बिष्टुपुर स्थित स्वदेशी जागरण मंच कार्यालय में “श्री अन्न महोत्सव” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच मिलेट्स (मोटे अनाज) के उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाना था। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती आभा महतो एवं श्रीमती मीरा मुंडा उपस्थित रहीं।
महोत्सव में जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 35 महिलाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने रागी, ज्वार, बाजरा, सावां, मक्का, कोदो और चीना जैसे मोटे अनाजों से बने विविध व्यंजन प्रस्तुत किए। साथ ही इन व्यंजनों के पोषण संबंधी लाभों की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती मीरा मुंडा ने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए मिलेट्स के सेवन को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने संबोधनों में मिलेट्स को अपनाने पर विशेष जोर दे चुके हैं।
वहीं, श्रीमती आभा महतो ने कहा कि मोटे अनाज भारत की प्राचीन फसलों में शामिल हैं, जिनके प्रमाण सिंधु घाटी सभ्यता में भी मिलते हैं। उन्होंने महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार को और तेज करने की अपील की।
मंच के अखिल भारतीय पर्यावरण प्रमुख बंदेशंकर सिंह ने कहा कि भारत की भूमि मोटे अनाज के उत्पादन के लिए अनुकूल है और वैश्विक स्तर पर इनकी मांग लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम में खादी ग्रामोद्योग के पूर्व सदस्य मनोज कुमार सिंह ने अन्न महोत्सव की विस्तृत जानकारी दी, जबकि डॉ. अनिल राय ने विषय प्रवेश कराया। मंच संचालन पंकज कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर श्रीमती संगीता श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों द्वारा बनाए गए व्यंजनों का विवरण प्रस्तुत किया और धन्यवाद ज्ञापन जिला संयोजक श्रीमती राजपति देवी ने किया।
कार्यक्रम में जटाशंकर पांडे, मंजू ठाकुर, अमित मिश्रा, सरोज सिन्हा, आशा सिंह, ममता सिंह, जेकेएम राजू, संजीत सिंह, केपी चौधरी समेत बड़ी संख्या में स्वदेशी समर्थक उपस्थित रहे।
