जमशेदपुर: जमशेदपुर में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर बुधवार को पटमदा थाना क्षेत्र के बुढीगोड़ा और आमदापहाड़ी गांव में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध शराब निर्माण से जुड़े कई ठिकानों को ध्वस्त किया गया। उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान करीब 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की। इसके अलावा शराब बनाने के लिए तैयार किए गए लगभग 1400 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बरामद सामग्री का उपयोग बड़े पैमाने पर अवैध शराब निर्माण में किया जाना था।

हालांकि छापेमारी की भनक लगते ही भट्ठी संचालक और अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। टीम के पहुंचने से पहले ही वे जंगल और आसपास के इलाकों की ओर भाग निकले, जिसके कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। उत्पाद विभाग ने बताया कि अवैध शराब कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से भी अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई है।
